सुल्तानपुर। बल्दीराय ब्लॉक क्षेत्र के ग्रामसभा रैना जगदीशपुर में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को किया गया। 1500 मीटर दौड़ में अतुल मिश्र व 800 मीटर में गीता यादव को पहला स्थान मिला। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जय सिंह व ग्राम प्रधान राम मनोरथ वर्मा ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। लंबी कूद, दौड़, ऊंची कूद, कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबाल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में अतुल मिश्र को पहला व जीतेंद्र कुमार को दूसरा स्थान मिला। बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में गीता यादव पहले स्थान पर रहीं। इसमें अंकिता द्वितीय स्थान पर रहीं। अलग-अलग आयु वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में सोनबरसा व नटौली की टीमें विजेता रही। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सदुल्लापुर की टीम ने बाजी मारी। खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।