प्रदेश में ईसाई मिशनरियां काफी सक्रिय हैं। इसे रोकना बहुत ही जरूरी है। ये बातें श्रीराम जन्म भूमि न्यास के महंत कमल नयन महाराज ने कहीं। वे रविवार को आदि गंगा गोमती स्वच्छता संकल्प यज्ञ व पावन कथा में प्रवचन कर रहे थे। इस मौके पर लोगों ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
गोमती मित्र मंडल समिति के तत्वावधान में सीताकुंड धाम पर चल रहे पांच दिवसीय आदि गंगा गोमती स्वच्छता संकल्प यज्ञ व पावन कथा का रविवार को समापन हो गया। श्रीराम जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष व मणिराम छावनी के महंत स्वामी नृत्य गोपालदास के शिष्य महंत कमल नयन महाराज ने पावन कथा में हिंदुत्व को बढ़ाने की बात कही। कथा के बाद गोमती मित्र मंडल के सदस्यों ने महंत को स्मृति चिह्न भेंट कर आशीर्वाद लिया।
रविवार की देर शाम कथा की समाप्ति के बाद 51 सौ दीपों से रंगोली बनाकर दीप यज्ञ किया गया। महाआरती के मुख्य यजमान एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह रहे। इस मौके पर डॉ. सीताशरण त्रिपाठी, अपराध निरोध समिति के सचिव अमर बहादुर सिंह, डॉ. सुभाषचंद्र, रमेश सिंह, प्रमोद कुमार तिवारी, दिनेश प्रताप सिंह, डॉ. सुधाकर सिंह, रतन कुमार कसौंधन, दिनकर प्रताप सिंह, विजय तिवारी मौजूद रहे।