गौरीगंज। परिषदीय स्कूलों में शैक्षिक व्यवस्था बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे बीएसए ने शुक्रवार को कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दायित्यों में लापरवाही के साथ शिक्षकों की मनमानी प्रकाश में आने से नाराज बीएसए ने तीन शिक्षकों को निलंबित कर दिया।
साथ ही 25 का वेतन स्थगित व पांच को कारण बताओ नोटिस जारी की है। बीएसए ने सभी को सात दिन में समुचित व्यवस्था में सुधार करने के साथ जवाब देने को कहा है।
शासन के निर्देश पर जनपद में संचालित परिषदीय स्कूलों की शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने की कोशिश में जुटे बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने शुक्रवार को कई प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मां समूह गठित नहीं होने, फ्लैक्सी व शिक्षक डायरी नहीं बनाने, उपस्थित पंजिका अधूरी मिलने तथा मध्याह्न भोजन योजना के तहत बन रहे भोजन में खुला मसाला व तेल के प्रयोग के साथ ही चूल्हे पर भोजन बनता मिला।
इतना ही नहीं तिलोई ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल कैथागांव में कंपोजिट ग्रांट की धनराशि खर्च करने के बाद उपभोग प्रमाण पत्र नहीं देने तो जामो बलॉक के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल संभई समय से पूर्व साढ़े 12 बजे ही बंद मिला।
शिक्षकों की लापरवाही व मनमानी से नाराज बीएसए ने कैथागांव के प्रधानाध्यापक उदय प्रकाश, प्राथमिक स्कूल संभई की प्रधानाध्यापक आशा व उच्च प्राथमिक स्कूल संभई की प्रधानाध्यापक अशोक कुमारी सिंह को निलंबित कर दिया।
25 अन्य स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के जुलाई माह का वेतन स्थगित तथा पांच शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी की है। बीएसए ने सभी को सात दिन में समुचित जवाब देने के साथ ही स्कूल की शैक्षिक व्यवस्था में सुधार के साथ अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए जवाब देने का आदेश दिया है।