लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मंडलीय गोष्ठी में उद्यान विभाग की ओर से फल और शाक-भा
सुल्तानपुर। प्रगति के पथ पर उद्यान विभाग के 50 साल पूरे होने पर सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंडलीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। फल, फूल और मसाला की खेती में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले के तीन किसानों को सम्मानित किया गया।
सोमवार सुबह करीब पांच बजे जिला पंचायत परिसर स्थित उद्यान विभाग कार्यालय से 70 किसानों का एक जत्था मंडलीय गोष्ठी में शामिल होने के लिए लखनऊ रवाना हुआ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचने के बाद किसानों ने अपने उत्पाद का स्टॉल लगाया। गोष्ठी में किसानों को औद्यानिक फसलों की खेती, खाद्य प्रसंस्करण उत्पाद की मार्केटिंग, संरक्षित खेती में फल और शाक-भाजी आदि के बारे में जानकारी दी गई।
बल्दीराय के डोभियारा निवासी डॉ. आशीष झा के पॉली हाउस में उगाई जा रही कलर्ड शिमला मिर्च आकर्षण का केंद्र रही। भदैंया के बालमपुर निवासी रामअछैवर मौर्य को थाई-1 अमरूद, दूबेपुर के कटावां निवासी कमलेश त्रिपाठी को शेडनेट हाउस में पुष्प उत्पादन, धनपतगंज के जज्जौर निवासी दयाशंकर सिंह को मसाला में लहसुन-प्याज की खेती में उत्कृष्ट कार्य करने पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक पवन कुमार सिंह, सहायक उद्यान निरीक्षक पुनीत वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।