सुल्तानपुर। कोरोना के साथ अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित तीन और मरीजों की मौत हो गई। तीनों मरीज गैर जनपदों में एल-टू व एल-थ्री हॉस्पिटल में भर्ती थे। तीन और मरीजों की मौत से जिले में मृतकों की संख्या 40 हो गई है। सीडीओ ने स्वास्थ्य विभाग से मृतकों की ऑडिट रिपोर्ट मांगी है।
कोरोना संक्रमण के साथ अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित जिले के तीन और मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इनका इलाज गैर जनपदों के कोविड हॉस्पिटल में चल रहा था। संबंधित जिले में मौत के बाद इसकी सूचना पोर्टल पर डाली गई है। बृहस्पतिवार को कोविड-19 की समीक्षा के दौरान सीएमओ डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने इसकी जानकारी सीडीओ अतुल वत्स को दी।
सीडीओ ने तीनों मृतकों के संबंध में सर्विलांस की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही पॉजिटिव पाए गए मरीजों के संबंध में जानकारी ली। पीपीकमैचा व दूबेपुर विकासखंड में जांच और बढ़ाने का निर्देश दिया। सीडीओ ने जिला कारागार के सभी बंदियों व कैदियों की भी जांच कराने का निर्देश दिया है। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी शमशाद हुसैन, एडीएम वित्त उमाकांत त्रिपाठी, एडीएम प्रशासन हर्षदेव पांडेय समेत आदि मौजूद रहे।