अखंडनगर /धम्मौर। अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक हादसा अखंडनगर के भेलारा के पास हुआ, वहीं दूसरी दुर्घटना धम्मौर के कचनावां गांव के पास हुई। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
अंबेडकरनगर-जौनपुर मार्ग पर भेलारा स्थित ढाबे के पास शुक्रवार रात सड़क के बीच एक गड्ढे से अनियंत्रित होकर बाइक के पलटने से हरपुर निवासी शादाब (25), भेलारा निवासी विशाल (24) व ओम प्रकाश (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। शादाब की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विशाल व ओम प्रकाश को जौनपुर के शाहगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक शादाब चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
वहीं, धम्मौर के कचनावां-धम्मौर संपर्क मार्ग पर शुक्रवार देर रात पेड़ से टकराकर बाइक सवार अमेठी क्षेत्र के पूरे बल्दी सिंह का पुरवा निवासी संदीप पाल (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह बाइक से धम्मौर जा रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार कचनावां गांव के पास रात करीब नौ बजे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित शीशम के पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, संदीप ने हेलमेट नहीं पहना था। धम्मौर थाने के प्रभारी निरीक्षक विपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जीप व बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत
सुल्तानपुर। कादीपुर के मालिकपुर नोनरा निवासी विपिन यादव (25) गांव के ही अंकित (24) के साथ शनिवार शाम बाइक से घर से निकले। राईबीगो गांव के पास उनके बाइक की सामने से जा रही जीप से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में विपिन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अंकित बच गए। विपिन को कादीपुर सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विपिन ने हेलमेट नहीं पहना था। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)