सुल्तानपुर। ठंड के दिनों ह्रदय रोगियों की तादाद बढ़ जाती है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) की व्यवस्था के साथ ही हार्ट अटैक से बचाने के लिए टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन उपलब्ध है। बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में आए मरीजों ने इस दावे की पोल कर रख दी है। ह्रदय रोग की शुरुआती जांच ईसीजी से होती है। ऐसे में हकीकत यह है कि सीएचसी में ईसीजी मशीनें तो हैं लेकिन इनको चलाने वाले नहीं है।
कहा कि सीएचसी जाने पर बताया गया कि यहां पर जांच में दिक्कत हैं, मेडिकल कॉलेज में सही इलाज मिल सकेगा। वहां ईसीजी व अन्य जांचें आसानी से हो जाएंगी। हार्टअटैक के मरीजों को सही समय पर उपचार नहीं मिलने से जान भी जा सकती है। इसके लिए सरकार ने जिला स्तर से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन निशुल्क उपलब्ध कराए हैं। इंजेक्शन देने से पहले ईसीजी जांच जरूरी है। वर्तमान में सभी जगह ईसीजी की मशीनें नहीं हैं, कुछ जगह मशीनें हैं, तो उन्हें चलाने वाले टेक्नीशियन नहीं है।
मेडिकल कॉलेज में 65 वर्षीय राम कलप इलाज करवाने आए थे, बताया कि घबराहट होने पर लंभुआ सीएचसी पहुंचे, तो वहां स्टाफ ने बताया कि ईसीजी है, लेकिन जांच करने वाले नहीं है, पर्चा भी नहीं बनाया गया और मेडिकल कॉलेज भेज दिया। करौंदीकला से आए शिवकुमार ने बताया कि सीने में दर्द पर करौंदीकला सीएचसी गए, वहां बताया गया कि यहां जांच नहीं हो सकेगी।
ईसीजी है, लेकिन टेक्नीशियन नहीं
कूरेभार सीएचसी अधीक्षक डॉ.शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि यहां मशीन पिछले दो वर्ष से हैं, लेकिन अभी तक कोई टेक्नीशियन नहीं मिला है। दूबेपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एपी तिवारी ने बताया कि उनके यहां ईसीजी जांच की सुविधा नहीं है, मरीजों को मेडिकल कॉलेज भेजा जाता है। दोस्तपुर के अधीक्षक डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि उनके यहां ईसीजी जांच की व्यवस्था नहीं है। सीएचसी प्रतापपुर कमैचा के अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि उनके यहां मशीन है, लेकिन चलाने वाला नहीं है।
हालांकि, लंभुआ के अधीक्षक डॉ.राघवेंद्र प्रताप सिंह, भदैंया के डॉ. आरपी सिंह, कुड़वार के अधीक्षक डॉ. वेदांत, कादीपुर के अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र पटेल, बल्दीराय के अधीक्षक डॉ. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि उनके यहां ईसीजी जांच की व्यवस्था है।
अभी पांच एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) पर मौजूद है दवा
सीएमओ डॉ.भारत भूषण ने बताया कि ईसीजी मशीनें हर जगह उपलब्ध हैं, जांच नहीं होती तो, इसकी जानकारी की जाएगी। अभी शुरुआत में पांच एफआरयू पर टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन उपलब्ध है। एक व्यवस्था के तहत स्टेमी ग्रुप बनाया गया है, इसमें कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सकों को भी शामिल किया गया है। यदि हार्टअटैक का कोई मरीज आता है, तो उसका ईसीजी कर ग्रुप में शेयर किए जाने के निर्देश हैं। कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञ तत्काल परामर्श देंगे कि मरीज को इंजेक्शन देना या नहीं।