सुल्तानपुर। धनपतगंज क्षेत्र के पूरे नूर गांव में रविवार की रात एक मकान की खिड़की तोड़कर दाखिल हुए चोर करीब 15 लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी समेट ले गए। घटना के वक्त परिवार के लोग दूसरे मकान में सो रहे थे।
यह घटना पूरे नूर गांव निवासी असलम उर्फ महबूब के घर में हुई। रविवार की सुबह असलम दिल्ली जाने के लिए निकले थे। उनकी पत्नी व अन्य परिवारीजन सोमवार रात बगल में स्थित पुराने मकान में सोने के लिए चले गए थे। देर रात मकान की खिड़की को तोड़कर अंदर दाखिल हुए चोर बक्सा, अलमारी, अटैची आदि खोलकर उसमें रखे करीब 15 लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सोमवार की सुबह जब असलम की पत्नी को चोरी की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष श्रीराम पांडेय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। एसओ ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।