सुल्तानपुर। लंभुआ क्षेत्र के अवसानपुर गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने सात घरों को निशाना बनाया। इन घरों से चोर पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी समेट ले गए। शनिवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।
अवसानपुर निवासी विष्णु चरित्र के घर शुक्रवार की रात में दाखिल हुए चोर बक्से का ताला तोड़कर सोने की अंगूठी, चेन, कान का झुमका, पायल, बिछिया के साथ ही 20 हजार रुपये नकद उठा ले गए। चोर इसी गांव के सुरेंद्र, पवन, नखडू, सिकंदर, राम सजीवन तथा बलिराम तिवारी के घर को भी निशाना बनाया और सोने के जेवरात तथा नगदी लेकर चंपत हो गए। शनिवार की सुबह परिवारीजनों को चोरी की जानकारी हुई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित लोगों की मानें तो सातों घरों से पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी की चोरी हुई है।