सुल्तानपुर। यूट्यूबर संजय यदुवंशी के समर्थन में शुक्रवार को तिकोनिया पार्क में समर्थकों ने हंगामा किया। दिनभर चले प्रदर्शन के दौरान यूट्यूबर व उसके समर्थक पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
प्रदर्शनकारियों ने धम्मौर थाने के एसएचओ व पुलिस कर्मियों के निलंबन की मांग की। देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहा और पुलिस का पहरा तिकोनिया पार्क के बाहर लगा रहा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो सका।
धम्मौर कस्बे के अहिरन का पुरवा निवासी यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर सोमवार रात पुलिस के पहुंचने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद से लगातार संजय यदुवंशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से धम्मौर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। शुक्रवार सुबह संजय के बुलाने पर बड़ी संख्या में समर्थक तिकोनिया पार्क पर इकट्ठा होने लगे।
सुबह करीब 10 बजे के बाद संजय यदुवंशी तिकोनिया पार्क पहुंचे तो समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। बड़ी संख्या में पहुंचे कई जिलों के ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर रील पोस्ट करना शुरू कर दिया। संजय के पिता सियाराम यादव ने कहा कि पुलिस वाले उनके पुत्र संजय और उसके बड़े भाई शिवा यादव की तलाश में पहुंचे थे। पुलिस कर्मियों ने परिवार वालों से बदसलूकी की। हिंदुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिकन एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप यादव ने बताया कि चार सूत्री ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में संजय के खिलाफ कोतवाली नगर में दर्ज प्राथमिकी की पुनर्विवेचना की मांग की गई है।
संजय के खिलाफ एफआईआर कराने वाले के सोशल मीडिया पर चल रहे बयान के आधार पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। संजय के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।। इसके अलावा एसएचओ धम्मौर व अन्य पुलिस कर्मियों के निलंबन की मांग की गई है। मांगें नहीं माने जाने पर एक सप्ताह के बाद प्रदर्शन किया जाएगा।
बिना अनुमति के कैसे जुटी भारी भीड़, मौन रही पुलिस
शहर के तिकोनिया पार्क में भारी भीड़ के बीच दिनभर चले हंगामे के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देखती रही। पुलिस दिन भर तिकोनिया पार्क सुरक्षा घेरा बनाए रही। धरने की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। वहीं पुलिस का खुफिया तंत्र भी सोता रहा। बृहस्पतिवार दोपहर से सोशल मीडिया पर प्रदर्शन की पोस्ट वायरल होने लगी थी। इसके बाद भी इतने बड़े प्रदर्शन की भनक व उसकी तैयारी नहीं किए जाने से सवाल उठने लगे हैं।
प्रकरण की जांच कर की जाएगी निष्पक्ष कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि धरने की कोई अनुमति पुलिस विभाग से नहीं ली गई है। प्रदर्शनकारियों की कुछ मांगें हैं। उनकी मांगों के अनुरूप प्रकरण की जांच कराई जाएगी। जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।