सुल्तानपुर। कूरेभार के कमला प्रसाद सिंह महाविद्यालय बरौला में बीते दिन नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवाओं के मतदाता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अभियान चलाने का संकल्प लिया।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से कूरेभार के कमला प्रसाद सिंह महाविद्यालय बरौला में मतदाता जागरूकता व कोविड से बचाव विषय पर युवाओं का अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। महाविद्यालय के प्रबंधक अतुल कृष्ण सिंह ने युवाओं को मतदान प्रतिशत बढ़ाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि चुनाव में हम सभी को जागरूक होते हुए दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना होगा।
इस दौरान युवाओं को मतदान के महत्व के बारे में भी बताया गया। योग के मास्टर ट्रेनर सुनील दत्त तिवारी ने योग के बारे में बताया। उन्होंने कई योगासनों का अभ्यास भी युवाओं को कराया। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम पर्यवेेक्षक दिनेश मणि ओझा ने किया।