जिले में हो रही कड़ाके की ठंड से शनिवार को भी लोगों को राहत नहीं मिल पाई। लोग गलन भरी ठंड से बेहाल हो गए है। सुबह घने कोहरे से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ी। कोहरे के कारण लोगों को चार पहिया व दो पहिया वाहन की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। बर्फीली हवा के चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल है।
गलन भरी ठंड से निजात पाने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। उत्तरी-पछुआ हवा के चलने से सुबह करीब साढ़े 10 बजे मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। दिन भर धूप रहने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।
शहर समेत ग्रामीण इलाकों में जगह-जगह इकट्ठा होकर लोगों ने धूप का आनंद लिया। नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम में आर्द्रता 100-54 फीसदी रही। उत्तरी-पछुआ हवा की गति 2.1 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने रविवार को सुबह के समय धुंध छाई रहने और ठंड में वृद्घि का अनुमान लगाया है।