गोसाईगंज (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में एक माह पूर्व चार साल के मासूम की हत्या का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। मासूम के बगल के एक किशोर ने मामूली बात से नाराज होकर उसे धक्का देकर पानी से भरे गड्ढे में गिरा दिया था। उसकी मौत हो गई थी। आरोपी बाल अपचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर किशोर न्याय बोर्ड भेजा। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में बाल सुधार गृह अयोध्या भेज दिया गया।
अर्जुनपुर गांव निवासी देवी सहाय का पुत्र अमतेश (04) 26 नवंबर दोपहर अपने घर के सामने खेल रहा था। उसी समय गांव में एक मदारी आया था। खेल देखने बच्चों के साथ चला गया था। 27 नवंबर दोपहर अर्जुनपुर गांव से करीब 700 मीटर की दूरी पर गड्ढे में सरपत के झुरमुट के पास अमतेश का शव मिला था। पुलिस जांच के दौरान मृतक के घर के पड़ोस में रहने वाले एक किशोर को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन वह अमतेश को साइकिल पर बिठाकर निकला था। खेल-खेल में अचानक किसी बात पर आरोपी को गुस्सा आ गया।
उसने मासूम अमतेश को ले जाकर गड्ढे में ढकेल दिया। अमतेश के पानी में डूबने के बाद आरोपी भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि आरोपी बालअपचारी ने यह बात छिपाकर रखी थी। उसके खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने का केस दर्ज किया गया है। अमतेश की मां पूजा ने गोसाईगंज थाने में शव मिलने के बाद ही पड़ोस के बाल अपचारी पर संदेह जताया था।