विंदेश्वरीगंज (सुल्तानपुर)। गदियाना गांव के पास शनिवार सुबह शारदा सहायक खंड-16 से निकली रामनगर रजबहा की पटरी कटने से किसानों की 30 बीघा फसल जलमग्न हो गई। सिंचाई विभाग के कर्मियों ने किसानों की मदद से लीकेज बंद कराया।
बल्दीराय तहसील मुख्यालय से निकली रामनगर नहर की खुदाई कर पटरी पर खड़ंजा बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। इस बीच कर्मचारियों ने शारदा सहायक खंड-16 नहर से पानी भी खोल दिया। पानी नहर में जाते ही पटरी की मिट्टी पानी के बहाव के साथ माइनर में गिर रही है। शनिवार को गदियाना गांव के पास माइनर की पटरी बहाव में बह गई। सिंचाई विभाग खंड-16 के जेई अर्जुन कुमार मौर्य ने कहा कि लीकेज को बंद करा दिया गया है।