मोतिगरपुर। क्षेत्र में सोमवार की देर रात बारिश के साथ आए आंधी ने क्षेत्र के मलिकपुर बखरा ग्राम पंचायत में भारी तबाही मचाई।
तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके अलावा आंधी के दौरान जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए हैं।
बिजली के खंभे टूटने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति सोमवार की शाम से ही ठप हो गई। मंगलवार की दोपहर बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई। कुछ जगहों पर मंगलवार को भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। राजस्व महकमा नुकसान का आकलन करने में जुटा है।
आंधी के चलते मलिकपुर बखरा में स्थित पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति इंटरमीडिएट कॉलेज का प्रवेश द्वार क्षतिग्रस्त हो गया है। दक्षिणी व उत्तरी बॉउंड्रीवॉल आधे से अधिक पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। मुख्य गेट की बाउंड्रीवॉल दरक गई है।
थोड़ी दूर आगे बखरा निवासी तेज बहादुर सिंह की रोहित ट्रेडर्स के नाम से फर्नीचर निर्माण का कारखाना तेज हवा के झोंके को सहन नहीं कर सका और पक्की दीवार ढह गई।
तूफान का अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि दीवार के चट्टे करीब 20 मीटर व ऊपर का टीनशेड 200 मीटर दूरी पर जा गिरा है। गनीमत रही कि घटना के समय कारखाने में कोई मौजूद नहीं था।
उसी के बगल में स्थित कुलदीप सिंह कोरोना संक्रमण के बीच बंद अपनी पोल्ट्री फार्म को दोबारा शुरू कराने के लिए ठीक कर रहे थे कि अचानक आए तूफान ने पोल्ट्रीफार्म की टंकी बिखर गई।
काम कर रहा राजमिस्त्री जाबिर आंशिक रूप से घायल भी हो गया। मलिकपुर बखरा में गोवंशों के लिए बनी गोशाला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होगी है। गोपालकों के लिए बना एक कमरा भी जमीदोंज हो गया।
गोपालक महेंद्र नागर व उसकी पत्नी मालती तूफान के दौरान अपने छोटे नाती के साथ उसी कमरे में थे। अचानक कमरे के गिरने से मालती आंशिक रूप से घायल हो गई। मलिकपुर बखरा के रतनिहां पुरवे में दर्जनों पेड़ गिरने से कई परिवारों का भारी नुकसान हुआ है।
पेड़ गिरने से पुरवा के लक्ष्मण निषाद का कच्चा मकान व कृष्ण कुमार की पक्की पशुशाला पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके साथ ही कई परिवारों को आंशिक क्षति हुई है।
मंगलवार को जयसिंहपुर तहसील के एसडीएम विधेश कुमार, तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार, कानूनगो, लेखपाल व ग्राम प्रधान ने गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। राजस्व टीम गांव में हुए नुकसान का आकलन कर रही है।
सड़क पर गिरा पेड़, घंटों बंद रहा आवागमन
भदैंया। आंधी से कामतागंज-शिवगढ़ रोड पर शंभूगंज से प्रतापगढ़ की ओर सकरसी गांव के पास सोमवार की देर शाम दो पेड़ गिर गए हैं। पेड़ गिरने से शिवगढ़ रोड पर आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है।
सड़क पर पेड़ गिरने से 30-40 वाहन सवार रोड पर फंसे गए तथा इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पीआरवी को दी। मौके पर पहुंचे 112 पीआरवी कर्मियों ने गांव वालों की मदद से पेड़ को कटवाया। करीब दो घंटे तक शिवगढ़ रोड पर सकरसी गांव में रोड पर शीशम के दो पेड़ आंधी में गिरने से लोग देर रात तक परेशान रहे।