सुल्तानपुर। सामूहिक विवाह योजना में वर-वधू की बायोमीट्रिक और चेहरे की पहचान के बाद शादी कराई जाएगी। शासन ने योजना में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए विभाग पर शिकंजा कस दिया है। 27 नवंबर को योजना के तहत होने वाले आयोजन की तैयारियां पूरी होने का दावा किया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से योजना के तहत केएनआई के फरीदीपुर परिसर में 661 जोड़ों की शादी कराई जाएगी। सभी ब्लॉकों से लाभार्थी बुलाए गए हैं। शादी से पहले सभी कार्यक्रम स्थल पर पंजीकृत जोड़ों की बायोमीट्रिक व चेहरे की पहचान कराई जाएगी। आधार से चेहरे का मिलान कराया जाएगा। लाभार्थियों को विवाह के लिए सुबह आठ बजे कार्यक्रम स्थल पर बुलाया गया है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सभी जोड़ों की शादी धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार कराई जाएगी। इसके लिए पंडित और मौलवी बुलाए गए हैं। लाभार्थियों, उनके परिजनों व अतिथियों के लिए भोजन व नाश्ते की व्यवस्था की गई है। शादी के बाद प्रत्येक जोड़ों को 55 उपहार दिए जाएंगे। इसके लिए टोकन की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न होगा।