सुल्तानपुर। पत्नी के इलाज का पूरा खर्च नहीं देना आदित्य बिरला इंश्योरेंस कंपनी को भारी पड़ गया। उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने कंपनी को पीड़ित गर्वित को कुल 77,031 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है। निर्धारित दो माह में भुगतान नहीं करने पर छह प्रतिशत ब्याज भी देना होगा।
विज्ञापन
गल्ला मंडी निवासी गर्वित ने पत्नी प्रीती गौलस और परिवार के अन्य सदस्यों का स्वास्थ्य बीमा कराया था। पत्नी के पेट में पथरी होने पर उन्होंने लखनऊ के निजी अस्पताल में ऑपरेशन और इलाज कराया। अस्पताल का 1,46,210 रुपये का बिल बीमा कंपनी को दिया। कंपनी ने केवल 70,679 रुपये का भुगतान किया और 75,531 रुपये रोक लिए। गर्वित ने आयोग में वाद दायर किया। सुनवाई के बाद आयोग के अध्यक्ष रामलखन सिंह चंद्रौल और सदस्य भारत भूषण ने कंपनी की कार्रवाई को सेवा में कमी माना। कंपनी को 75,531 रुपये क्लेम, 500 रुपये वाद व्यय और 1,000 रुपये मानसिक एवं शारीरिक कष्ट के लिए देने का आदेश दिया।