शहर के चौक क्षेत्र में भ्रमण करते आईजी अयोध्या व अन्य अधिकारी।
- फोटो : शहर के चौक क्षेत्र में भ्रमण करते आईजी अयोध्या व अन्य अधिकारी।
सुल्तानपुर। दुर्गापूजा महोत्सव के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार शाम आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार शहर पहुंचे। उन्होंने जिले के अधिकारियों व पूजा समितियों के साथ बातचीत की। आईजी ने शहर में रूट मार्च कर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि सुल्तानपुर का दुर्गापूजा महोत्सव ऐतिहासिक है। इसे सकुशल संपन्न कराने की सारी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। धर्म गुरुओं से भी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। सीसीटीवी व ड्रोन से दुर्गापूजा महोत्सव की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर पुलिस पैनी निगाह रहेगी।
शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन उड़ने के सवाल पर आईजी अयोध्या ने कहा कि असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बिना समझे अफवाह उड़ाना ठीक नहीं है। पुलिस हर प्रकरण को गंभीरता से ले रही है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले पुलिस महानिरीक्षक अयोध्या ने कोतवाली नगर के मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम कुमार हर्ष, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर प्रशांत सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल सहित अन्य पूूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।