डाकघर में कर्मचारियों के साथ बैठक करते अधीक्षक। स्रोत- विभाग
सुल्तानपुर। डाक विभाग ने दो विभागीय जीवन बीमा से प्रत्येक परिवार के एक या दो सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। शुक्रवार को अभियान के तौर पर सभी शाखा डाकघरों में बैठक का आयोजन करके कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने जीवन बीमाधारक को इससे होने वाले फायदे बताए।
शहर के मुख्य डाकघर में आयोजित कार्यक्रम में डाक अधीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि विभाग से डाक जीवन बीमा (पीएलआई) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) चल रही है। प्रत्येक परिवार के एक या दो सदस्यों का बीमा कराने का लक्ष्य रखा गया है। डाक विभाग से बीमा कराने वाले लोगों को कम किस्त देने पर लाभ अधिक मिलेगा। इसमें अन्य बीमा कंपनियों की तरह एजेंट को कोई कमीशन नहीं देने का प्रावधान है। विभागीय कर्मचारियों की ओर से बीमा का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कर्मचारियों को बीमा करने के तरीके बताते हुए कहा कि डाक सेवकों की ओर से घर-घर जाकर बीमा किया जाएगा। मंडल के तहत सुल्तानपुर व अमेठी जिले की सभी शाखाओं में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर सहायक डाक अधीक्षक दक्षिणी पीसी तिवारी, डाक सर्बेक्षक अनिल तिवारी, डाक सर्वेक्षक सोनू पांडेय, पोस्टमास्टर भाई अनिल कुमार तिवारी, अंशिका बरनवाल, दिलशेर अली सहित अन्य मौजूद रहे।