सुल्तानपुर। जनगणना 2027 की जनगणना में लगाए गए मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण नौ से 12 मार्च तक लखनऊ में होगा। ट्रेनिंग पाए मास्टर ट्रेनर्स जिले में 12 मार्च से फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण देंगे। 22 मई से 21 जून तक जनगणना का पहला चरण चलेगा। इसमें मकान सूचीबद्ध किए जाएंगे।
प्रस्तावित जनगणना 2027 की तैयारियों के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों को जिला जनगणना अधिकारी व अपर जिलाधिकारी राकेश सिंह ने लाइव प्रसारण के जरिये प्रशिक्षण दिया। जनगणना की प्रक्रिया बताते हुए दायित्वों के संबंध में जानकारी दी गई। प्रपत्रों का भरने, डाटा संकलन के बारे में बताया गया। इसके लिए चार्ज अधिकारियों में सभी तहसीलदारों व नगर निकाय के अधिशासी अधिकारियों को नामित किया गया है। मकान की सूची जनगणना पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसकी जिओ टैगिंग की जाएगी। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी गजेंद्र कुमार तिवारी, डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल, कार्यक्रम अधिकारी शरद त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ददन कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।