लंभुआ-गरयें मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर स्लीपर बदलती मशीन व काम करते मजदूर।
लंभुआ। सुल्तानपुर-जफराबाद रेलखंड पर स्थित गरये रेलवे क्रॉसिंग बुधवार को दो घंटे बंद रही। इस दौरान स्लीपर बदले गए। रेलवे ने अपराह्न 3:30 बजे रेलवे क्रॉसिंग बंद करके काम शुरू कराया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गरये निवासी शिव प्रसाद यादव मालवाहक वाहन लेकर लंभुआ आ रहे थे। क्रॉसिंग बंद होने की वजह से उन्हें जैतपुर भिटार-बेदूपारा होते हुए लंभुआ आना पड़ा। प्रतापगढ़ जिले के शुभम सहालग में कार लेकर आए थे। उन्हें वापस जाना था। वे करीब 45 मिनट इंतजार करने के बाद क्रॉसिंग खुलने पर गए।
सैतापुर सराय निवासी कृष्ण पाल सिंह साइकिल से बगल बने अंडरपास से होकर निकले। लंभुआ निवासी रमेश बरनवाल बाबा जनवारीनाथ धाम में दर्शन के लिए बाइक से जा रहे थे। उन्होंने भी करीब 100 मीटर दूर मौजूद अंडरपास का उपयोग किया। रेल पथ निरीक्षक एल ब्राइक ने बताया कि बुधवार को करीब 270 मीटर स्लीपर बदलने का काम पूरा किया गया है। शाम करीब 5:30 बजे रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन बहाल किया गया।