शहर से सटे लोलेपुर में सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मी।
- फोटो : शहर से सटे लोलेपुर में सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मी।
सुल्तानपुर। सहारनपुर के गंगोह में रविवार सुबह एसटीएफ से मुठभेड़ में ढेर हुए एक लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद का शव पोस्टमार्टम के बाद सोमवार दोपहर बाद लोलेपुर स्थित उसके घर लाया गया। किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। जनाजे में शामिल होने के लिए आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए। देर शाम कड़ी सुरक्षा के बीच शव को घर के पास स्थित कब्रिस्तान में दफनाया गया।
कोतवाली देहात के अलहदादपुर निवासी अधिवक्ता आजाद अहमद की छह अगस्त 2023 की शाम भुलकी चौराहे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें सिराज अहमद मुख्य आरोपी था। अधिवक्ता के परिजनों ने गत दिनों गोरखपुर जाकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी। सोमवार दोपहर करीब दो बजे के बाद सहारनपुर से सिराज का शव लोलेपुर स्थित घर लाया गया। यहां पहले से लोगों की भीड़ जमा थी। कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, लंभुआ व अन्य थाने की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगी रही। शव दफनाए जाने के बाद पुलिस प्रशासन को राहत मिली। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में शव को घर के निकट स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया है।