सुल्तानपुर। कटसारी गांव में शनिवार की सुबह संदिग्ध हालात में एक किशोरी का शव जंगल में पेड़ से लटकता मिला। सूचना के बाद सीओ ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर परिवारीजनों से पूछताछ की।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कटसारी गांव निवासी विष्णु महेश की पुत्री अंतिमा (17) शुक्रवार की देर शाम लकड़ी बीनने के लिए जंगल गई थी। देर शाम तक जब अंतिमा घर नहीं लौटी तो परिवारीजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
शनिवार की सुबह खेत गए लोगों को जंगल में अंतिमा का शव पेड़ से लटकता मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर सुरेंद्र कुमार, कोतवाल श्याम नारायण पांडेय फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। कोतवाल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।