सुल्तानपुर। अशफाक हत्याकांड के मामले में जिला जज की कोर्ट से बरी किए गए बस्ती जिले के छावनी थाने के छत्रपुर गांव निवासी आरोपी नान्ह सिंह उर्फ सूरज सिंह ने मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में समर्पण कर दिया। सीजेएम नवनीत सिंह 28 फरवरी को हाईकोर्ट में दायर अपील में हाजिर होने की अंडरटेकिंग दाखिल करने पर आरोपी को रिहा कर दिया है।
अमेठी जिले के जगदीशपुर थाने के ग्राम बड़ागांव कोट मौजा हुसैनगंज कला के अशफाक अहमद की 30 जनवरी 2018 को जगदीशपुर बाजार स्थित विजया बैंक के पास बम और गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके भाई रजी अहमद घायल हो गए थे। मामले में जगदीशपुर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश विक्रम सिंह सहित कई अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या व साजिश करने का केस दर्ज किया गया था।
25 अक्तूबर 2024 को तत्कालीन जिला जज जय प्रकाश पांडेय ने आरोपी वंशराज यादव, अमित चौबे व सतीश उर्फ सतई को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश विक्रम सिंह, अनिल कुमार उर्फ विधायक, नान्ह सिंह उर्फ सूरज सिंह, विकास खरवार व सुबास यादव को बरी कर दिया था। फैसले के खिलाफ वादी मुकदमा अंसार अहमद की अपील पर हाईकोर्ट ने बरी हुए आरोपियों को तलब किया है।