सुल्तानपुर। जिले में सर्दी का सितम लगातार जारी है। बर्फीली पछुआ हवा से दिन-रात गलन बरकरार है। शनिवार को राहत के बाद न्यूनतम तापमान में फिर डिग्री की गिरावट हुई है।
एक डिग्री सेल्सियस तापमान कम होने से पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सुबह घने कोहरे के बाद करीब साढ़े 10 बजे निकली धूप से लोगों को कुछ राहत मिल सकी। शाम होते ही सर्दी फिर बढ़ गई।
जिले में शनिवार को न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई थी। रविवार को फिर एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सर्द पछुआ हवा ने सर्दी में और इजाफा किया है। सुबह घना कोहरा छाए रहने से गलन भरी ठंड जारी रही।
हालांकि पछुआ हवा चलने से सुबह करीब साढ़े 10 बजे ही कोहरा छट गया। कोहरे में वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि घरों के अंदर गलन बरकरार रही।
शाम होते ही फिर गलन भरी ठंड परेशान करने लगी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छाए रहने व हवा सामान्य गति से पछुआ चलने का अनुमान लगाया है। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि व प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में रविवार को फिर एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
रविवार को न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस से घटकर 4.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम में आर्द्रता (नमी) 100-54 फीसदी रही। दक्षिणी-पूर्वी हवा की गति 2.1 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है।