डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे शिक्षक। स्रोत- संगठन
सुल्तानपुर। पुरानी पेंशन बहाली समेत शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को तिकोनिया पार्क में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय के नेतृत्व में जुटे शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
शिक्षकों ने 2004 बैच के विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, टीईटी की अनिवार्यता से संबंधित समस्याओं का समाधान करने और शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग उठाई। जनपदीय मंत्री एचबी सिंह ने कहा कि आने वाला समय शिक्षकों के लिए संक्रमण काल है। ऐसे में सभी शिक्षकों को एकजुट रहकर अपने अधिकारों और मांगों के लिए संघर्ष करना होगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र नारायण मिश्र ने सरकार से शिक्षक विरोधी नीतियों को छोड़कर शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने का अनुरोध किया। इस मौके पर संयुक्त मंत्री प्रशांत पांडेय, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा, अखंडनगर अध्यक्ष विजय प्रताप, मंत्री संतोष आर्या और करौंदीकला अध्यक्ष अखिलेश सिंह समेत संघ के कई पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।