पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर लखनऊ में बीते बुधवार को हुए लाठी चार्ज के विरोध में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह की अगुुवाई में शिक्षकों ने तिकोनिया पार्क में धरना प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार बर्बरतापूर्ण कार्रवाई कर शिक्षकों की आवाज दबाना चाहती है। पुलिसिया कार्रवाई में मृत शिक्षक को शहीद घोषित कर एक करोड़ रुपये की सहायता राशि सरकार को अविलंब देनी चाहिए।
अटेवा के संरक्षक बृजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर सरकार निरंकुश बनी हुई है। अटेवा के सह संयोजक अशोक सिंह गौरा ने कहा कि पुलिसिया कार्रवाई का जवाब सरकार को आने वाले चुनाव में जरूर मिलेगा। प्रदर्शन के बाद जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे शिक्षकों ने सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश गुप्ता को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया।
इस मौके पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के महामंत्री हरिपाल वर्मा, मंत्री कलहू पाल, मनोज मौर्या, देवेंद्र कुमार तिवारी, रामअंजोर उपाध्याय, योगेंद्र प्रताप सिंह, रमाशंकर तिवारी, मो. हसीब, आशुतोष यादव, पुनीत सिंह, अबूबक्र सिद्दीकी, रितेश त्रिपाठी, श्रीकांत तिवारी, शमीम अहमद, अभिषेक सिंह समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।