सुल्तानपुर। 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तीसरे चरण में नियुक्त हुए 131 अध्यापकों को मंगलवार को विद्यालय आवंटित होगा। नवनियुक्त शिक्षक चार माह से विद्यालय आवंटन की बाट जोह रहे थे। 131 अभ्यर्थियों को सहायक अध्यापक का नियुक्ति पत्र 23 जुलाई को दिया गया था।
स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जमा करने के बाद शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय में अपनी ज्वॉइनिंग दी थी। तब से लेकर बीएसए कार्यालय व डायट में शिक्षकों की उपस्थिति ली जा रही थी। पिछले दिनों बीएसए ने नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन भुगतान का भी आदेश निर्गत कर दिया था। मंगलवार को विद्यालय आवंटन प्रक्रिया का आयोजन बीएसए कार्यालय में किया जाएगा। बीएसए दीवान सिंह यादव ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद सचिव के निर्देशानुसार विद्यालय आवंटन प्रक्रिया ऑनलाइन संपन्न की जाएगी। विद्यालयों की सूची मिलने के बाद निशक्त, महिला व पुरुषों को विद्यालय के विकल्प दिए जाएंगे।