शिक्षकों की समस्याओं को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। आंदोलित शिक्षकों ने कहा कि समस्याओं के निराकरण न होने तक धरना जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि जीपीएफ की लेखा पर्ची विगत कई वर्षों से निर्गत नहीं की जा रही है।
अध्यापकों को दिया जाने वाला प्रोन्नत वेतनमान एवं शिक्षक/शिक्षणेत्तर कर्मियों को नवीन पेंशन योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। जिला मंत्री डॉ. अरविंद सिंह ने कहा कि कार्यवाहक प्रधानाचार्यों को उनके पद का वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है।
कई इंटर कॉलेजों में वरिष्ठतम प्रवक्ता की जगह जूनियर को प्रधानाचार्य का चार्ज दिया जा रहा है। जब तक जिला स्तर की समस्याओं का निस्तारण नहीं हो जाता, धरना जारी रहेगा। इस मौके पर राजबहादुर पाठक, अवधेश नारायण त्रिपाठी, अशोक कुमार मिश्र, केबी सिंह, रामतेज पांडेय, उदयपाल सिंह, संतोष वर्मा, रामेंद्र सिंह, बच्चूराम, चित्रसेन सिंह आदि मौजूद रहे।