सुल्तानपुर। संयुक्त शिक्षा निदेशक (अयोध्या मंडल) ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कार्यरत एक लिपिक को गंभीर आरोपों में निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में कनिष्ठ सहायक के रूप में कार्यरत दानिश अली पर शराब पीकर ड्यूटी पर पहुंचने कर्मचारियों से अभद्रता करने का आरोप है।
इस मामले में डायट प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार ने दानिश के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल को साक्ष्य सहित रिपोर्ट भेजी थी। डायट प्राचार्य की रिपोर्ट के आधार पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने लिपिक दानिश अली को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में दानिश को उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक अयोध्या से संबद्ध किया है। साथ ही डायट प्राचार्य को निर्देश दिया है कि 15 दिन के भीतर निलंबित कनिष्ठ सहायक के विरुद्ध आरोप पत्र प्रस्तुत करें। डायट प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार ने कनिष्ठ लिपिक के निलंबन की पुष्टि की है।