मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। बैंक ऑफ बड़ौदा की मोतिगरपुर शाखा का सर्वर फेल होने से खाताधारकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम तक सर्वर ठीक नहीं होने पर खाताधारक वापस लौट गए। कोरोना संक्रमण के बीच अब शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इससे बड़ी संख्या में लोग बैंक में लेनदेन के लिए पहुंचने लगे हैं।
बृहस्पतिवार को कई बैंकों में हड़ताल रही। ऐसे में जो बैंक खुले वहां खाताधारकों की भीड़ लगी रही। बॉब की मोतिगरपुर ब्रांच में बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में खाताधारक पहुंचे। काउंटर पर कतार में लगने के बाद बैंक कर्मियों ने बताया कि सर्वर काम नहीं कर रहा है। दोपहर तक सर्वर ठीक होने की उम्मीद जताई गई।
दोपहर बाद भी सर्वर ठीक नहीं हो सका। ऐसे में कुछ बैंक कर्मियों व खाताधारकों के बीच नोक-झोंक भी हुई। इसके बाद बैंक के मेन गेट पर सर्वर ठीक नहीं होने का बोर्ड लगा दिया गया। देर शाम तक बैंक ब्रांच में सर्वर की समस्या बनी रही। शाखा प्रबंधक अर्पित श्रीवास्तव ने बताया कि वे अवकाश पर हैं। सर्वर सही न होने के कारण बैंक में लेनदेन नहीं हो पा रहा है। इस बाबत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।