डॉ. अनूप कुमार गुप्ता (फाइल फोटो)।
- फोटो : amar ujala
वाराणसी के कपसेठी बाजार में शनिवार को हुए सड़क हादसे में संत तुलसीदास पीजी कॉलेज कादीपुर के राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनूप कुमार गुप्ता (55) की मौत हो गई। कस्बे के शास्त्रीनगर निवासी डॉ. अनूप कुमार शनिवार सुबह घर से वाराणसी के कपसेठी बाजार गए थे।
कपसेठी बाजार में शाम के समय पैदल सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक से टकराकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें नजदीकी अस्पताल से वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्राॅमा सेंटर में देर शाम उनकी मौत हो गई। दो दिसंबर को डॉ. अनूप कुमार के बड़े भाई सुनील कुमार की छोटी बेटी की सगाई तय है।
घर में मांगलिक कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन इस दुर्घटना से पूरा परिवार सदमे में है। उनके निधन पर लोगों ने शोक जताया है। पोस्टमार्टम के बाद वाराणसी से रविवार भोर चार बजे उनका शव पैतृक आवास पहुंचाया गया। परिजनों ने गोमती नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।