वॉशिंग लाइन जाते समय अचानक सुल्तानपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस का इंजन डिरेल हो गया। रेल ट्रैक से इंजन की पटरियां उतरने की जानकारी मिलते ही रेल महकमे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब एक घंटे तक अप-डाउन ट्रैक बाधित रहा। इंजन को हटाने के लिए फैजाबाद से एआरटी मशीन मंगवाई गई। देर शाम तक इंजन को ट्रैक पर लाने की कोशिश जारी रही।
बुधवार की दोपहर करीब सवा एक बजे वॉशिंग लाइन जाते वक्त सुल्तानपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस का इंजन लखनऊ नाका क्रॉसिंग के आगे अचानक डिरेल हो गया। इंजन के पहिए ट्रैक से उतर गए। इंजन के ड्राइवर ने फौरन घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलने के बाद स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर जा पहुंचे। दूसरे इंजन को लगाकर बोगियों को वॉशिंग लाइन से ले जाया गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक अप और डाउन ट्रैक बाधित रहा। घटना की जानकारी फैजाबाद रेलवे विभाग के अधिकारियों को देकर वहां से एआरटी (एक्सीडेेंटल रिलीफ ट्रेन) मंगवाई गई।
देर शाम तक इंजन को रेल ट्रैक पर लाने की कोशिश जारी रही। स्टेशन अधीक्षक एलएल मीना ने बताया कि इंजन के डिरेल होने से ट्रेनों के संचालन पर विशेष असर नहीं पड़ा है।