पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में उप निरीक्षक को सम्मानित करते एसपी ब्रजेश मिश्र।
सुल्तानपुर। दादूपुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में तीन नए कानूनों के संबंध में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम चरण मंगलवार को पूरा हुआ। इसके तहत कमिश्नरेट लखनऊ, कमिश्नरेट वाराणसी, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर और अयोध्या के कुल 136 पुलिस उपनिरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया। इसके बाद परीक्षा हुई। जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थी उत्तीर्ण हुए।
पुलिस प्रशिक्षण संस्थान में तीन नए कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम- 2023 के संबंध में चल रहे प्रशिक्षण का प्रथम चरण पूरा हुआ। परीक्षा में वाराणसी कमिश्नरेट के उपनिरीक्षक संदीप सिंह ने प्रथम, अंबेडकरनगर के उपनिरीक्षक मयंक सिंह ने द्वितीय व कमिश्नरेट लखनऊ के उपनिरीक्षक शिशिर कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रशिक्षण के समापन सत्र में पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण ब्रजेश कुमार मिश्र ने कहा कि संस्था से प्राप्त इस ज्ञान का प्रयोग उपनिरीक्षक अपनी विवेचनाओं में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुधार लाने में करेंगे। सभी उपनिरीक्षक इसे अपने अधीनस्थों में भी प्रचारित करें। इस मौके पर वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, विजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक महेश कुमार, लल्लन सिंह, प्रतिसार निरीक्षक, सूबेदार मेजर व सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
28 से शुरू होगा दूसरा सत्र
नए कानूनों के प्रशिक्षण के लिए चलने वाले कुल 10 सत्रों में से दूसरा सत्र 28 अप्रैल से शुरू होगा। सभी 10 सत्रों में कुल 2,500 पुलिस उपनिरीक्षकों को प्रशिक्षित करने की योजना है। पहले सत्र में 136 उप निरीक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है।