केएनआई के मैदान में दौड़ लगाती छात्राएं। स्रोत- संस्थान
सुल्तानपुर। केएनआई में फिट इंडिया मूवमेंट के बैनर तले आयोजित दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। दूसरे दिन के खेल समारोह में मुख्य अतिथि कमला नेहरू मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. राधेश्याम सिंह और विशिष्ट अतिथि अवध विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष प्रो.वीपी सिंह रहे। संस्थान प्राचार्य डॉ. शक्ति सिंह व खेल आयोजन सचिव प्रोफेसर प्रवीण कुमार सिंह ने मुख्य व विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया।
खेल उद्घोषक डॉ. पवन रावत ने बताया कि 100 मीटर दौड़ में छात्रा तहमीम जाहरा और गोलाफेंक में जाह्नवी तिवारी अव्वल रहीं। 100 व 400 मीटर दौड़ में छात्र शाहबाज खान विजेता रहे। वहीं, 800 मीटर की दौड़ में प्रिंस कुमार मिश्र ने बाजी मारी। लंबी कूद मे रोशनी अव्वल रहीं। शिक्षक रस्साकसी में विज्ञान संकाय ने डॉ. नीरज सिंह की अगुवाई में निकटतम प्रतिद्वंदी कला संकाय को शिकस्त दी।
प्रतियोगिता में डॉ. अनिल यादव की टीम उपविजेता घोषित हुई। गैर शिक्षक कर्मचारी के इसी प्रतियोगिता में रामशब्द की लैब टीम विजयी घोषित हुई। गौरीशंकर सिंह की कार्यालय टीम उपविजेता हुई। साथ ही शिक्षिका वर्ग की गोलाफेंक प्रतियोगिता में प्राध्यापिका शाहबून निशा विजेता रहीं। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार वितरित किया। इस मौके पर प्रो. बिहारी सिंह, वंदना सिंह, प्रो. किरन सिंह, मुख्य अनुशासक डॉ. सुधांशु प्रताप सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर सुनीता राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।