सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की दो दिवसीय प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आगाज 11 केंद्रों पर शनिवार को हुआ। दोनों पालियों में 9840 के सापेक्ष 7998 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1842 अनुपस्थित रहे। अभ्यर्थियों की पहचान करने के लिए बायोमीट्रिक प्रणाली का प्रयोग किया गया। प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य था।
परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र औसत रहा। गणित व जीएस ने परेशान किया, हालांकि हिंदी और अंग्रेजी के सरल प्रश्नों ने राहत दी। राजकीय इंटर काॅलेज में प्रथम पाली की परीक्षा देकर निकले गाजीपुर के अजय कुमार ने बताया कि तैयारी ठीक थी, लेकिन डेटा इंटरप्रिटेशन (डीआई) और जनरल स्टडीज (जीएस) कुछ कठिन रहे। कहा कि काफी समय से तैयारी कर रहा था, फिर भी यह सेक्शन थोड़ा मुश्किल लगा।
गाजीपुर के ही रहने वाले राकेश कनौजिया ने कहा कि पेपर कुल मिलाकर संतुलित था और जैसा सोचा था, वैसा ही आया। ज्यादा कठिनाई नहीं हुई, बस गणित में चार्ट वाला सवाल थोड़ा घुमावदार था। जीआईसी से परीक्षा देकर निकले गाजीपुर के संदीप ने बताया कि गणित का चार्ट कठिन था। जीएस सही रहा।
अमेठी के मुसाफिरखाना की कोमल सिंह ने बताया कि पेपर उम्मीद के मुताबिक रहा। जनरल स्टडीज थोड़ी कठिन थी, गणित और डीआई के ग्राफ वाले सवाल भी चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्न आसान रहे।
एक मिनट की देर , केंद्र में नहीं मिला प्रवेश
शहर के केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में अमेठी की रहने वाली अनन्या सिंह की पहली पाली में परीक्षा थी। वह सेंटर पर पहुंचीं तो मुख्य द्वार बंद था। बताया गया कि अब अंदर एंट्री नहीं ली जा सकती, क्याेंकि प्रवेश का समय बीत चुका है। अनन्या ने बताया कि काफी प्रयास के बाद भी वह समय से केंद्र पर नहीं पहुंच सकी, जिसके कारण उसे परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से मना कर दिया गया।