23.24. कमला नेहरू संस्थान में आयोजित अंतर विश्वविद्यालयीय वेट लिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग प्रतियोगि?
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। अंतर महाविद्यालयीय पॉवर लिफ्टिंग व वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को कमला नेहरू संस्थान के फरीदीपुर स्थित जिम्नेजियम हॉल में किया गया। वेट लिफ्टिंग की 87 किलो से अधिक भार वर्ग में रामबरन पीजी कॉलेज विभारपुर की शिवांगी सिंह को गोल्ड मेडल मिला। जबकि, 59 किलो भार वर्ग में गणेश पीजी कॉलेज, अंबेडकरनगर के सुदेश पांडेय और 66 किलो भार वर्ग में नंदिनी नगर पीजी कॉलेज के सिद्धार्थ चौरसिया को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध 10 महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए केएनआई के प्राचार्य प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह ने कहा कि अवध विश्वविद्यालय को संसाधनों पर ध्यान देते हुए अखिल भारतीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में अच्छी खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं। पॉवर लिफ्टिंग (पुरुष) के 59 किलो भार वर्ग में अवध विश्वविद्यालय के वीरेंद्र सिंह अव्वल रहे। 66 किलो में अवध विश्वविद्यालय के हर्ष यादव पहले स्थान पर रहे। किसान पीजी कॉलेज के अमन प्रताप सिंह को दूसरा स्थान मिला। 74 किलो भार वर्ग में रामनेवाज पीजी कॉलेज, कुमारगंज के प्रियांशु वत्स पहले स्थान पर रहे। वहीं, 83 किलो भार वर्ग में अवध विश्वविद्यालय के अभिषेक पाठक पहले और केएनआई के अमन गुप्ता दूसरे स्थान पर रहे।
93 किलो भार वर्ग में अवध विश्वविद्यालय के आदित्य पालीवाल पहले और केएनआई के जमशीद खान दूसरे स्थान पर रहे। 120 किलो भार वर्ग में रामनेवाज पीजी कॉलेज कुमारगंज के धर्मेंद्र शर्मा अव्वल रहे। पॉवर लिफ्टिंग (महिला) के 47 किलो भार वर्ग में अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की साक्षी को पहला स्थान मिला। 57 किलो भार वर्ग में अवध विश्वविद्यालय की ज्योति सिंह पहले स्थान पर रहीं। 72 किलो भार वर्ग में अवध विश्वविद्यालय की अभिलाषा सिंह ने बाजी मारी। 84 किलो भार वर्ग में सहयोगी आरबी डिग्री कॉलेज बाराबंकी प्रीति शर्मा को पहला और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की गरिमा सिंह को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। विजेता खिलाड़ियों को अवध विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव डॉ. आशीष प्रताप सिंह, प्राचार्य प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह, प्रोफेसर एसएन मिश्रा ने सम्मानित किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय की ओर से आए पर्यवेक्षक डॉ. राजेश सिंह, गजेंद्र पांडेय, विक्रमादित्य यादव मौजूद रहे। अरविंद चौरसिया व नसीरुद्दीन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के आयोजन में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार सिंह, फरहत उल्ला अंसारी, अजीत कुमार यादव, शिव शंकर ने सहयोग किया।
चंडीगढ़ जाएगी विजयी टीम
अंतर विश्वविद्यालयीय वेट लिफ्टिंग पुरुष की विजयी टीम चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली में खेलने जाएगी। वहीं महिला टीम आचार्य नागार्जुन यूनिवर्सिटी गुंटूर आंध्र प्रदेश में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। पावर लिफ्टिंग की टीम जेआरएन यूनिवर्सिटी उदयपुर राजस्थान में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।