रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म का निरीक्षण करते एसपी रेलवे। स्रोत-रेलवे
सुल्तानपुर। रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एसपी रेलवे रोहित मिश्र ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर के चारों प्लेटफार्म, जनरल टिकट काउंटर, आरक्षण केंद्र और सर्कुलेटिंग एरिया का बारीकी से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक रेलवे ने मंगलवार को थाना जीआरपी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सक्रिय अपराधियों के सत्यापन, उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई और मामलों की न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शस्त्रों का निरीक्षण करते हुए उन्हें खोलने व जोड़ने का अभ्यास भी कराया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने की बात कही। विशेष रूप से रात में सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, प्लेटफार्म, बुकिंग हॉल, यात्री प्रतीक्षालय में चेकिंग और गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। अंत में स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म व वेटिंग हॉल का भ्रमण कर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जीआरपी थानाध्यक्ष भोला शंकर व अन्य स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम लगातार उठाए जाएंगे।