सुल्तानपुर। संविधान मान दिवस व फूलन देवी की जयंती समारोह में हिस्सा लेने आए सपा सांसद राम भुआल निषाद ने शनिवार को पत्रकारों के सवाल के जवाब में पूर्व मंत्री मेनका गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी कर दी।
मेनका की ओर से हाईकोर्ट में उनके खिलाफ दायर रिट के मामले में सवाल पूछने पर सांसद ने कहा कि मेनका को मुकदमा करना था तो सात दिन के भीतर करना था। नामांकन के बाद उन्हें आपत्ति करनी चाहिए थी। इसी दौरान उन्होंने पूर्व सांसद पर अभद्र टिप्पणी कर दी। उनकी टिप्पणी से फिर राजनीतिक हल्के में चर्चाओं का माहौल गरम है।
शहर के अमहट स्थित मैरिज लान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए सांसद ने पूर्व सांसद फूलन देवी को साहसी महिला बताया। कहा कि उनके साहस से महिलाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। सांसद ने पार्टी नेताओं को लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखने की सलाह दी। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनूप संडा, पूर्व विधायक अरुण वर्मा आदि ने संबोधित किया।