जयसिंहपुर के देवपरापार गांव में युवक की हत्या के बाद घटनास्थल पर मौजूद भीड़
सेमरी बाजार। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के देवपरापार गांव में पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या से सनसनी फैल गई। गांव के बाहर चकरोड किनारे कीचड़युक्त खेत में युवक का शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। हत्या का आरोप लगाते हुए उन्होंने देर रात तक पुलिस को शव कब्जे में नहीं लेने दिया। मौके पर भारी भीड़ जुटी रही और गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। इधर, पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
देवपरापार निवासी सोनू (25) शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से निकला था। रात करीब आठ बजे गांव का एक ग्रामीण शौच के लिए खेत की ओर गया तो उसकी नजर खेत में पेट के बल पड़े शव पर पड़ी। सूचना फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सोनू की खेत में बेरहमी से पिटाई की गई थी। जिस खेत में शव मिला वहां पहले पानी भरा था और सूखने के बाद कीचड़ हो गया था। लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर संघर्ष के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावरों ने सोनू का सिर पकड़कर कीचड़ में दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
सूचना पर जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह और कोतवाल विवेक कुमार राय ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों को समझाने में जुटे रहे। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
मृतक की मां जानकी देवी गांव की प्रधान रह चुकी हैं। पिता कन्हैया का पहले ही निधन हो चुका है। सोनू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है और तहरीर का इंतजार है। घटनास्थल पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड के करीब होने के कारण देर रात तक वहां आवागमन बना रहा।