सुल्तानपुर। संपत्ति के विवाद में मंगलवार सुबह शहर के हनीफनगर मोहल्ले में दो बेटों ने सेवानिवृत्त विद्युतकर्मी अब्दुल हमीद की हथौड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार किए हत्यारोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया।
कोतवाली नगर के हनीफनगर निवासी अब्दुल समीद ने मंगलवार को कोतवाली में केस दर्ज कराया। आरोप है कि मंगलवार सुबह उनके पिता सेवा निवृत्त विद्युत कर्मी अब्दुुल हमीद की बिलाल मस्जिद के पास हथौड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। हत्या उनके सगे भाई अब्दुल जमील व सौतेले भाई मोहम्मद इकलाख ने की थी। अब्दुल समीद की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।
कोतवाली नगर पुलिस ने हत्यारोपी अब्दुल जमील उर्फ मुन्ना निवासी घरहाकला हनीफनगर थाना कोतवाली नगर व मोहम्मद इकलाख उर्फ डाबल निवासी कठार भोयें थाना गोसाईगंज को पयागीपुर चौराहा के निकट से गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक नारदमुनि सिंह ने बताया कि हत्यारोपियों को बुुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।