सुल्तानपुर। सर्पदंश की शिकार एक महिला की झाड़-फूंक के चक्कर में जान चली गई। समय पर उपचार नहीं मिल पाने से रविवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
अखंडनगर क्षेत्र के पतारखास गांव निवासी राम प्रकाश राजभर की पत्नी रेखा देवी (43) को शनिवार की सुबह घर में पूजा करने के दौरान एक सांप ने उसे डस लिया। परिवारीजन रेखा देवी को झाड़-फूंक कराने के लिए कादीपुर, अखंडनगर, शाहगंज और फूलपुर लेकर भागते रहे। इस दौरान उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई। रविवार की सुबह परिवारीजन रेखा को लेकर सीएचसी अखंडनगर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। एसओ कृष्ण मोहन सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का सही पता चलेगा।