शहर में एक सराफा दुकान पर आभूषण के बारे में जानकारी लेते ग्राहक।
- फोटो : शहर में एक सराफा दुकान पर आभूषण के बारे में जानकारी लेते ग्राहक।
सुल्तानपुर। सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी ने सराफा कारोबारियों की परेशानी बढ़ा दी है। बाजार में चांदी के भाव ढाई लाख के पार पहुंचने का सीधा असर खरीदारी पर पड़ रहा है। कारोबारियों के मुताबिक, महंगाई के कारण ग्राहकों की संख्या में कमी आई है। चौक बाजार के सराफा व्यवसायी पिंटू सोनी ने बताया कि दीपावली के पूर्व से ही कीमतों में उछाल का सिलसिला जारी है।
सोमवार को चांदी 2,52,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर रही। सोने के दामों में भी तेजी बरकरार है। सराफा कारोबारी राजकुमार सोनी ने बताया कि बाजार में सोना 1,40,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया है। वहीं, 18 कैरेट सोने का दाम 1,06,500 प्रति 10 ग्राम रहा। बढ़ती कीमतों के कारण ग्राहकों ने एडवांस बुकिंग से दूरी बना ली है। दुकान पर आने वाले ग्राहक दिखने में भारी और वजन में हल्के आभूषण ही खरीद रहे हैं। बाजार की अनिश्चितता को देखते हुए सराफा व्यापारी अब ऑर्डर मिलने पर पूर्ण भुगतान के बाद ही सोने और चांदी के आभूषण की आपूर्ति कर रहे हैं। इससे सराफा बाजार में पूरी तरह सुस्ती का माहौल है।
सहालग का हो रहा इंतजार
सोने-चांदी के बढ़ते भाव के कारण ग्राहक बाजार से गायब हो गए हैं। सराफा बाजार में 11 दिसंबर के बाद से बिक्री काफी घट गई है। आने वाले ग्राहक दाम पूछकर वापस चले जा रहे हैं। अब सहालग का इंतजार किया जा रहा है। फरवरी में वैवाहिक कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। - देवी प्रसाद सोनी, जिलाध्यक्ष सराफा व्यापार मंडल।