जिले में मौसम के करवट बदलने से रविवार को जिला कोहरे के आगोश में रहा। दोपहर तक कोहरा रहने व आसमान में धुंध छाई रहने से हो रही कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बर्फीली हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को गलन भरी ठंड से मामूली राहत मिल गई। मौसम विभाग ने सोमवार को सुबह के समय कोहरा व धुंध छाई रहने और ठंड में वृद्घि होने का अनुमान लगाया है।
रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट बदल लिया। मौसम के बदले रुख से सुबह के समय आसमान घने कोहरे की चादर से लिपटा रहा। बर्फीली हवाओं के चलने से सुबह कड़ाके की ठंड होने लगी। 0ठंड से लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। गलन भरी ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दोपहर तक आसमान में कोहरा रहा और आसमान में धुंध छाई रही। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया।
दोपहर बाद करीब दो बजे आसमान से कोहरा व धुंध साफ होने से हल्की धूप निकल आई। धूप निकलने से लोगों को कड़ाके की ठंड से मामूली राहत मिल गई। शाम ढलते ही एक बार फिर गलन भरी ठंड होने लगी। केएनआईटी के मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 14.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।