सुल्तानपुर। लखनऊ में आयोजित प्रथम रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता के 19 वर्षीय बालक वर्ग में सुल्तानपुर के शिवम को प्रदेश में दूसरी रैंकिंग मिली है। जिले का नाम रोशन करने वाले शिवम को खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए खुशी जताई है।
पांच से सात जुलाई तक लखनऊ में आयोजित प्रथम उत्तर प्रदेश राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, जिसमें जिले के टेबल टेनिस खिलाड़ी शिवम चौरसिया को फाइनल मुकाबले में मुरादाबाद के रौनक सिंह ने पराजित कर दिया। हालांकि इसके बाद भी शिवम ने प्रदेश में दूसरी रैंकिंग हासिल कर ली। इसके पहले शिवम ने सेमीफाइनल में कानपुर के अवदित गुप्ता को 3-0 से हराकर फाइनल में स्थान प्राप्त किया।
शिवम की इस कामयाबी पर जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष कुमार विनीत आईएएस, उपाध्यक्ष शारिक नियाज, सचिव मोहम्मद सईद, जिला क्रीड़ा अधिकारी सर्वेंद्र सिंह चौहान, जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रवि त्रिपाठी तथा अन्य वरिष्ठ खिलाड़ियों ने बधाई दी। पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिले के खेलो इंडिया प्रशिक्षण शिविर की कोच शामा बानो ने बताया कि शिवम सुल्तानपुर के साथ-साथ लखनऊ में भारतीय टीम कोच पराग अग्रवाल से खेल के गुण सीख रहे हैं। उधर, दूसरी रैंकिंग हासिल करने वाले शिवम ने इस उपलब्धि का श्रेय डॉ. रवि त्रिपाठी को दिया।