सुल्तानपुर। माह जुलाई के राशन वितरण के पहले ही दिन ही सर्वर ने धोखा दे दिया। इससे सोमवार को जिले के कई सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर राशन वितरण प्रभावित रहा। ई-पॉस मशीनों से बायोमीट्रिक सत्यापन न होने से कार्डधारकों काे बिना राशन के लौटना पड़ा। सुबह से इंतजार के बाद भी दोपहर तक स्थिति में सुधार नहीं हो सका।
जिले में कोटे की 1084 दुकानें हैं, जिनसे करीब 4.58 लाख राशन कार्डधारकों को राशन वितरित किया जाता है। सोमवार से 20 जुलाई तक वितरण किया जाना है। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किग्रा (10 किग्रा गेहूं व 25 किग्रा चावल) व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा राशन दिया जाना है।
सोमवार को कुड़वार, बल्दीराय, कादीपुर समेत जिले के कई क्षेत्रों में सर्वर बाधित रहने से राशन वितरण शुरू ही नहीं हो सका। इससे सुबह से दुकानों पर पहुंचे उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा।
-
बरवारीपुर में नहीं हो सका वितरण
कादीपुर। बरवारीपुर की सरकारी राशन दुकान पर सोमवार को पूरे दिन राशन का वितरण नहीं हो सका। ग्राम प्रधान बेचू राम प्रजापति ने बताया कि ई-पॉस मशीन में सर्वर की समस्या के कारण बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं हो पाया, जिससे किसी भी कार्डधारक को राशन नहीं दिया जा सका।
-
कुड़वार क्षेत्र की कई दुकानों पर लटका वितरण
कुड़वार। कुड़वार प्रथम, द्वितीय, तृतीय, सरकौड़ा, मिठनेपुर, राजापुर सहित कई सरकारी राशन दुकानों पर सर्वर बाधित रहने से पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को राशन नहीं मिल सका। मिठनेपुर के ग्राम प्रधान राममूर्ति दुबे ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन पर सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक वितरण शुरू नहीं हो सका।
-
दर्ज कराई गई शिकायत
जिला आपूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सर्वर की समस्या दिल्ली स्थित एनआईसी के स्तर पर आई है। इसकी शिकायत दर्ज करा दी गई है। सर्वर सामान्य होते ही राशन वितरण सुचारु रूप से शुरू करा दिया जाएगा।