सुल्तानपुर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ाने के लिए जिले के 2064 स्कूलों में एक करोड़ 34 लाख रुपये से खेल उपकरण खरीदे जाएंगे। स्पोर्ट्स ग्रांट की यह राशि प्राथमिक विद्यालयों में पांच हजार रुपये की दर से तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 10 हजार रुपये की दर से भेजी जाएगी। शासन ने स्पोर्ट्स ग्रांट के इस्तेमाल के लिए निर्देश भी जारी किए हैं।
इस बार लगातार तीसरे साल स्पोर्ट्स अनुदान के तहत परिषदीय विद्यालयों को धनराशि भेजी गई है। इस राशि से खेल उपकरण खरीदने का निर्देश दिया गया है। स्कूल शिक्षा की महानिदेशक अनामिका सिंह ने बीएसए को पत्र भेजकर खेल सामग्रियों की सुझाव सूची भेजी है। साथ ही निर्देश दिया है कि विद्यालयों में खरीदी जाने वाली खेल सामग्री उच्च गुणवत्ता युक्त हो। ऐसी खेल सामग्रियों का क्रय किया जाए, जो स्थानीय स्तर पर खेले जाने वाले पारंपरिक खेलों से संबंधित हो। जिन विद्यालयों में खेल मैदान उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए स्कूल में इंडोर गेम की सामग्रियां क्रय की जाएं। विद्यालय वार खेल सामग्री क्रय करने के लिए पिछले दो सालों में खरीदी गई सामग्री की उपयोगिता का आकलन करते हुए आवश्यकता के आधार पर ही खेल सामग्री का चयन करने का निर्देश दिया गया है।
बीएसए दीवान सिंह यादव ने बताया कि स्पोर्ट्स ग्रांट की धनराशि से शासन के निर्देश के अनुसार सामग्री क्रय की जानी है। खेल सामग्री का क्रय करते हुए स्टॉक रजिस्टर एवं खेलकूद पंजिका में इसका अंकन भी किया जाना है। सामग्री न क्रय करने वाले अथवा घटिया सामान खरीदने वाले प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।