सुल्तानपुर। जिले में मनमाने तरीके से चल रहीं स्कूली बसों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया। शुक्रवार को परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने 30 स्कूली बसों का चालान किया।
एआरटीओ प्रवर्तन राकेश वर्मा व एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार की अगुवाई में शुक्रवार को परिवहन विभाग के प्रवर्तन दल ने अभियान चलाकर जिले के विभिन्न मार्गों पर स्कूली बसों व अन्य वाहनों की सघन चेकिंग की। चेकिंग के दौरान जिले में निर्धारित मानक का उल्लंघन करके चल रही 30 बसों के खिलाफ निरुद्ध व चालान की कार्रवाई की गई। एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार ने वाहन स्वामियों व स्कूल प्रबंधकों से स्कूली वाहन को सुप्रीम कोर्ट से निर्धारित मानक के अनुरूप तैयार करने और वाहन के सभी अभिलेख पूर्ण कराकर ही उनका संचालन करने की बात कही। कोई भी वाहन फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस व प्रदूषण प्रमाणपत्र के बिना चलता पाया गया तो उसके मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।