इटारसी-मुंबई रेलमार्ग बाधित होने से गुरुवार को स्थानीय स्टेशन के सैकड़ों यात्री हलकान रहे। साकेत एक्सप्रेस के रद्द होने से 150 से अधिक यात्रियों के टिकट निरस्त किए गए। जंक्शन, छोटे स्टेशन समेत निजी ऑपरेटरों के यहां यात्रियों की दिन भर भीड़ जमा रही।
कामायनी एक्सप्रेस के डिरेलमेंट होने के बाद से इटारसी-मुंबई रेलखंड बाधित चल रहा है। रेल प्रशासन ने रूट पर फिटनेस कार्य के चलते कई यात्री गाड़ियों का परिचालन रोक दिया है। फैजाबाद से मुंबई के बीच चलने वाली अप व डाउन रूट की साकेत एक्सप्रेस के निरस्त होने से गुरुवार को यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुल्तानपुर जंक्शन पर सुबह से ही लिपिकों को यात्रियों को टिकट की धनराशि वापस करने के निर्देश दिए गए थे। यहां यात्रियों की दिन भर टिकट रद्द कराने के लिए कतार लगी रही। शहर व कस्बाई क्षेत्र के निजी ऑपरेटर भी इंटरनेट के माध्यम से बुक हुए आरक्षण टिकटों को निरस्त करने में परेशान रहे।
अधीक्षक लखनलाल मीना ने बताया कि साकेत के सभी यात्रियों के टिकट रद्द कर पूरी धनराशि वापस की जा रही है।