सुल्तानपुर। कस्बे में स्थित बीपी इंटर कॉलेज में पठन-पाठन और पीटीए (शिक्षक-अभिभावक संघ) की धनराशि को लेकर उठा विवाद थाने पहुंच गया। शिक्षकों और प्रिंसिपल के विवाद से पठन-पाठन बाधित होने पर विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार को हंगामा काटा।
कस्बे में भुवनेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज संचालित है। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्रदेव त्रिपाठी एवं शिक्षक भूपेंद्र उपाध्याय के बीच शुक्रवार को विवाद हो गया। प्रिंसिपल देवेंद्रदेव त्रिपाठी के अनुसार शिक्षक भूपेंद्र उपाध्याय पढ़ाने के बजाय मोबाइल से बात कर रहे थे।
कर्मचारी से वीडियो बनवाने पर शिक्षक भूपेंद्र उपाध्याय अभद्रता पर उतारू हो गए। जब वे बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनसे भी अभद्रता करने लगे। उधर, शिक्षक भूपेंद्र उपाध्याय का कहना है कि प्रिंसिपल की ओर से अपनी अनियमितता छिपाने के लिए शिक्षकों की आवाज दबाई जाती है।
शिक्षक अभिभावक संघ के नाम पर वसूली करके अनियमितता की जाती है। शिक्षकों और प्रिंसिपल के बीच आपसी मतभेद की वजह से छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है।
पठन-पाठन बाधित होने पर शुक्रवार को छात्रों ने विद्यालय में हंगामा किया। प्रिंसिपल की सूचना पर पहुंची पुलिस के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्रदेव ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।